श्रीनगर गढ़वाल : गढ़वाल विश्वविद्यालय में भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ)-2025 के कर्टेन रेजर कार्यक्रम आयोजित किया गया। विज्ञान से समृद्धि: आत्मनिर्भर भारत थीम पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शोधार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. आलोक सागर गौतम ने कहा कि यह महोत्सव न केवल वैज्ञानिकों, शोधार्थियों और शिक्षाविदों के लिए, बल्कि युवा प्रतिभाओं और विद्यार्थियों के लिए भी एक विशाल मंच प्रदान करेगा। जिससे अकादमिक संवाद एवं नवाचार को नई ऊर्जा मिलेगी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि गढ़वाल विवि के भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. हेमवंती नंदन ने कहा कि विज्ञान को प्रयोगशाला तक सीमित न रखकर समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का माध्यम बनाना ही आईआईएसएफ का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं को अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए भारत को वैश्विक वैज्ञानिक मंच पर अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार से रसायन विज्ञान विभाग के सह-आचार्य डॉ. रवीन्द्र कुमार ने चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में छात्रों को प्रतिभाग करने की अपील की। मौके पर डॉ. सुधांशु जायसवाल, डॉ. विनीत कुमार मौर्य, डॉ. रवीन्द्र कुमार, डॉ. लोकेश जोशी, डॉ. साकेत कुमार भारद्वाज, डॉ. हर्षवंधनी शर्मा, डॉ. भास्करन आदि मौजूद थे। (एजेंसी)