पर्यवेक्षकों ने ली कोटद्वार विधानसभा के भाजपा दावेदारों की थाह

Spread the love

-भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर पर्यवेक्षकों ने कोटद्वार विधानसभा से दावेदारों का पैनल तैयार करने की कवायद की शुरू
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों के चयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कसरत शुरू कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में दावेदारों का पैनल तैयार करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। बताया जा रहा है कि कोटद्वार विधानसभा से दावेदारों का पैनल तैयार करने को अजय टम्टा, कुसुम कंडवाल, गोविंद सिंह बिष्ट को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष संपत सिंह ने बताया कि रविवार शाम को ऑनलाइन इस संबंध में बैठक हुई। भाजपा के मापदंडों पर कोटद्वार विधानसभा से कौन खरा उतरता है और किसे पार्टी आगामी चुनाव में टिकट देती है, पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा।
बता दें कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षकों को विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर पांच जनवरी तक सूची उपलब्ध करानी है। इसके बाद विधानसभा क्षेत्रवार दावेदारों का पैनल पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। पिछले विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल कर सत्ता में आई भाजपा को इस बार प्रत्याशी चयन में खासी कसतर करनी पड़ेगी। पिछले चुनाव में पार्टी ने विधानसभा की 70 में से 57 सीटों पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में वर्तमान विधायक तो टिकट की दौड़ में हैं ही, साथ ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अन्य दावेदारों की भी होड़ मची हुई है। भाजपा के प्रदेश हाईकमान ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के 37 प्रांतीय और वरिष्ठ पदाधिकारियों को बतौर पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

पर्यवेक्षक इनसे कर रहे वार्ता
विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले प्रांतीय पदाधिकारी, मोर्चों के प्रांतीय पदाधिकारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिले के पदाधिकारी, मोर्चों के अध्यक्ष व महामंत्री, मंडलों के पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व प्रांतीय पदाधिकारी, पूर्व विधायक, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष, शक्ति केंद्रों के संयोजक।

इन बिंदुओं पर होगी परख
दावेदार की क्षेत्र में छवि, जीतने की क्षमता, क्षेत्र में सक्रियता, पार्टी के प्रति निष्ठा, कार्यकत्र्ताओं पर पकड़ आदि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *