उत्तरकाशी()। गढ़ मप्पा में आयोजित ध्याणी मिलन कार्यक्रम के दौरान गढ़ गांव की ध्याणियों ने अपनी आराध्य देवी मां काली को सोने का हार और मंगल सूत्र चढ़ाया। कसलाना की ध्याणियों ने मांग टीका और रुइणियों ने सोने की नथ भेंट कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। ध्याणियों की ओर से लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहा। गढ़ और कसलाना की ध्याणियों ने मां काली की देव डोली और ग्राम देवताओं के देव निशाणों के साथ यमुनोत्री धाम की यात्रा कर गांव पहुंचने पर देव डोली के साथ तांदी नृत्य कर जश्न मनाया। ग्रामीणों की ओर से आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान ध्याणियों को सम्मानित किया गया। गढ़ मप्पा, छिलोरा, कसलाना, डाबरा और सरना गांव के सहयोग से गढ़ गांव में काली माता के नव निर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मां काली की मूर्ति को मंदिर के गर्भ गृह में स्थापित किया गया। पंडित अक्षित थपलियाल की ओर से सभी देव कार्य संपन्न करवाए गए। इस दौरान गढ़ की प्रधान किरन रावत, कसलाना के प्रधान अर्जुन सिंह, अनिता रावत, सीमा असवाल, मंदिर समिति के अध्यक्ष सरदार सिंह, प्रेम सिंह, बलवीर सिंह, अमित रावत, विजयपाल सिंह, अरविंद सिंह, मेहरबान सिंह, चैन सिंह आदि उपस्थित रहे।