जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मंगलवार को क्षेत्र की नदियों व उन पर बने पुलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। कहा कि तेज बारिश होने पर लोगों को अन्यत्र शिफ्ट करें। इस दौरान उन्होंने बेस अस्पताल का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने नदियों के आसपास सुरक्षा दीवार पुल व आबादी क्षेत्र का निरीक्षण किया। कहा कि लगातार दो दिन से वर्षा का दौर जारी है। ऐसे में लोगों को सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। इसके उपरांत उन्होंने बेस अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों एवं संसाधनों की सूची को अद्यतन रखने, ई-औषधि पोर्टल के संचालन को सुनिश्चित करने व मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने दंत चिकित्सा इकाई में आरसीटी सेवा शुरू कराने, जच्चा-बच्चा वार्ड एवं एम्बुलेंस की स्थिति की नियमित जांच करने तथा चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाएं रखने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपातकालीन कक्ष, ओपीडी पंजीकरण काउंटर, अल्ट्रासाउंड कक्ष, एक्स-रे एवं एमआरआई सेक्शन, महिला एवं प्रसूति वार्ड, बाल वार्ड, शल्य चिकित्सा वार्ड, दवा वितरण केंद्र एवं पैथोलॉजी लैब का बारीकी से निरीक्षण किया। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने चिकित्सकों की बैठक भी ली, जिसमें आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। चिकित्सकों ने अपनी मांग व सुझाव भी जिलाधिकारी के सामने रखे। जिसका जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए प्रमुख अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके तीमारदारों से भी वार्ता की और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. विजय सिंह, उप जिलाधिकारी कोटद्वार सोहन सिंह सैनी, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय सहित अस्पताल के चिकित्सक व अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।