पहाड़ के ज्वलंत मुद्दों पर जन आनदोलन करेगी पहाड़ी आर्मी

Spread the love

हल्द्वानी। पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड राज्य के शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए पहाड़ के ज्वलंत मुद्दों पर जन आनदोलन करेगी। पहाड़ की मूल स्थापना के लिए गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने के लिए पहाड़ी आर्मी जनजागरूकता और जनमत संग्रह का आयोजन करेगी। शनिवार को पहाड़ी आर्मी के हल्द्वानी मंडल संयोजक हरीश रावत ने हल्द्वानी स्थित नगर निगम सभागार में प्रेसवार्ता का आयोजन किया। इसमें उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों के लिए जनजागरूकता और जनमत संग्रह करने की जानकारी दी। उनके मुताबिक उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुए 21 वर्ष हो गए, पर अभी भी यह देश का एकमात्र राज्य है, जिसकी कोई स्थाई राजधानी नहीं है। राज्य बनाने के लिए यहां के नौजवानों, माताओं, बहनों और बुजुर्गों ने कुर्बानियां दीं, मगर सरकारों ने आंदोलनकारियों के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाए हैं। इससे पलायन, बेरोजगारी, जांगली जानवरों का आतंक, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा बदहाल हो चुकी है। पिछले 20 वर्षों में राजनीतिक फायदों के लिए गैरसैंण को सभी राजनीतिक दलों ने विभिन्न घोषणाएं कर चूरन चटाया है। अब पहाड़ी आर्मी स्थाई राजधानी के लिए आंदोलन करेगी, जिसके लिए एक सितंबर से उत्तराखंड की जनता के बीच जाकर जनमत संग्रह किया जाएगा। जनमत संग्रह के साथ-साथ प्रदेश भर मे नुक्कड़ सभा, जागरूकता अभियान और जनआक्रोश रैली निकाली जाएगी। प्रथम चरण की शुरुआत हल्द्वानी में होगी। प्रेसवार्ता में आंदोलनकारी प्रवीण सिंह काशी, सरल संस्था की अध्यक्ष हेमा कबड़वाल, पर्यावरणविद् चंदन नयाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *