जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बलूनी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई नॉर्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप-2026 के शुभारंभ अवसर पर विस अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय और आसपास आयोजित होने वाली हर प्रतियोगिता में हिस्सा लेना चाहिए, क्योंकि छोटे-छोटे मंच ही आगे चलकर बड़े मुकाम तक पहुंचने का रास्ता बनाते हैं।
विस अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा जहां व्यक्ति के बौद्धिक विकास का आधार है, वहीं खेल उसे शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और अनुशासित बनाते हैं। इसलिए युवाओं को अपनी दिनचर्या में किसी न किसी खेल को अवश्य शामिल करना चाहिए। महापौर शैलेंद्र रावत ने कहा कि अभिभावकों को भी अपने बच्चों के खेल के प्रति जागरूक करना चाहिए। इस अवसर पर बलूनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी और स्कूल की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज ने बताया कि 20 से 23 जुलाई तक आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 650 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।