बंगाल में मानसून का यू-टर्न, उत्तर बंगाल में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी

Spread the love

दक्षिण बंगाल में छाए रहेंगे बादल, कई जिलों में 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
कोलकाता । पश्चिम बंगाल में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से सोमवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के पहाड़ी और तराई वाले जिलों के लिए भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि दक्षिण बंगाल के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, उत्तर बंगाल के पांच प्रमुख जिलों दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में अगले 24 से 48 घंटों के भीतर मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर सहित अन्य जिलों में घने बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। कई स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वर्षा के कारण वातावरण में आर्द्रता का स्तर अधिक रहने से लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने उत्तर बंगाल के संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है तथा लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने का अनुरोध किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे राहगीरों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *