पहाड़ी कटान ने बढ़ाई राहगीरों की मुश्किलें, डेढ़ घंटे तक थमे रहे वाहनों के पहिए

त्योहारी सीजन में हाईवे पर बढ़ा दबाव, रात में कटिंग कराने की उठी मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुमखाल-सतपुली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी कटान का कार्य राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कटिंग के दौरान मलबा और बोल्डर सड़क पर गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ रही है। बुधवार को सतपुली के ऊपर मंदिर के समीप पहाड़ी कटान के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक वाहन चालक जाम खुलने का इंतजार करते रहे।


वर्षाकाल समाप्त होने के बाद कार्यदायी संस्था ने हाईवे चौड़ीकरण के तहत शेष स्थानों पर पहाड़ी कटान का कार्य शुरू कर दिया है। गुमखाल से सतपुली के बीच अधिकांश हिस्से में चौड़ीकरण के बाद डामरीकरण का कार्य भी शुरू हो चुका है, लेकिन चार से पांच स्थानों पर पहाड़ी कटान का कार्य शेष था। अब इन स्थानों पर जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से पहाड़ काटकर मलबा डंपिंग जोन तक पहुंचाया जा रहा है। कटिंग के दौरान पहाड़ी से मलबा और बड़े बोल्डर गिरने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कार्य के दौरान वाहनों को रोकना पड़ता है, जिससे जाम की स्थिति बन रही है। बुधवार को लगे जाम के कारण बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर कर रहे यात्रियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा।

रात में कटिंग कराने की मांग
त्योहारी सीजन के चलते इन दिनों हाईवे पर वाहनों का दबाव भी बढ़ा हुआ है। ऐसे में पहाड़ी कटान के दौरान बार-बार यातायात रोकने से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए पहाड़ी कटान का कार्य रात के समय कराया जाना चाहिए, ताकि दिन में यातायात सुचारु बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *