जम्मू-कश्मीर: पुंछ में एलओसी के पास मंडरा रहा था पाकिस्तानी ड्रोन, सेना ने गोलीबारी कर खदेड़ा

जम्मू। सेना के जवानों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब बुधवार को उड़ रहे पाकिस्तानी ड्रोन पर गोलीबारी कर उसे खदेड़ दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सैनिकों ने आज सुबह पुंछ के मेंढर सेक्टर में टोपी पोस्ट और परविंदर पोस्ट में नियंत्रण रेखा के पास एक पाकिस्तानी ड्रोन देखा। सेना के जवानों ने सीमा पार से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे ड्रोन को खदेड़ने के लिए कुछ राउंड फायरिंग की। सूत्रों ने बताया कि ड्रोन के जरिये कोई आपत्तिजनक वस्तु गिराये जाने की आशंका के मद्देनजर इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया है। ज्ञातव्य है कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हाल ही में सीमा पार से ड्रोन गिराने की सूचना देने वालों को नकद इनाम देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *