परिवहन मंत्री से वार्ता के बाद माने रोडवेज कर्मचारी

देहरादून। परिवहन मंत्री के साथ वार्ता में मांगों पर सहमति बनने के बाद उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने एक महीने के लिए कार्य बहिष्कार स्थगित कर दिया है। इसके बाद संचालन सामान्य हो गया है। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर 30 अक्तूबर से कार्य बहिष्कार को शुरू किया था। इससे बस संचालन पर असर पड़ा था।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने भी आंदोलन की चेतावनी दी हुई थी। इसके बाद मामले का हल निकालने के लिए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में शासकीय आवास में बैठक रखी गई। इसमें परिवहन निगम, परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ ही रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन, उत्तराखंड रोडवेज इंपलाइज यूनियन, एससी- एसटी श्रमिक संघ, उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों को बुलाया गया था। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन को एक महीने के लिए स्थगित कर दिया गया है।
बैठक में नियमित वेतन संबंधी मांग पर फैसला हुआ कि माह अगस्त का चार नवंबर से पहले और सितंबर का नवंबर महीने में वेतन का भुगतान होगा। संविदा, विशेष श्रेणी के कर्मियों का नियमितीकरण का प्रस्ताव शासनादेशों में अनुमन्य नियमानुसार छूट के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। एजेंसी चालक- परिचालकों व अन्य पदों पर कार्यरत कार्मिकों को निगम कर्मचारी घोषित करने और एजेंसी प्रथा को पूरी तरह प्रतिबंध करने की मांग पर फैसला हुआ कि शासन स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर अग्रिम कार्रवाई जी जाएगी। परिवहन विभाग को डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *