Uncategorized

महंगाई और बदहाल स्वास्थ्य सेवा को लेकर प्रदर्शन

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

अल्मोड़ा। पहाड़ में बदहाल स्वास्थ्य सेवा और महंगाई के खिलाफ गुरुवार को आवाज गूंजती रही। इलाज के अभाव में दो महिलाओं की मौत का मामला जहां जोरशोर से उठा। वहीं कलक्ट्रेट पहुंचकर लचर चिकित्सा व्यवस्था से छुटकारा दिलाने के लिए सीएम को ज्ञापन भेजा गया। कांग्रेसी आसमान छूती कीमतों के खिलाफ सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया। डबल इंजन सरकार का पुतला फूंक आमजन को महंगाई की आग में झुलसाने का आरोप लगाया। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) की महिला शाखा ने बदहाल स्वास्थ्य सेवा पर गुरुवार को कलक्ट्रेट तक शांति मार्च निकाला। देवायल (सल्ट ब्लॉक) की मंजू देवी व धारचूला (पिथौरागढ़) की सुधा दत्ताल की उपचार के अभाव में मौत पर राज्य सरकार को घेरा। आरोप लगाया कि कोरोनाकाल में बड़ी संख्या में लोग सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं के बाजारीकरण का शिकार हुए हैं। यह भी कहा कि सरकार का ध्यान चिकित्सालयों के नाम पर कमीशन पर टिका पड़ा है। वरिष्ठ नेता आनंदी वर्मा ने कहा कि पूर्व में संग्रहालय प्रभारी मंजू तिवारी की मौत भी लापरवाही के कारण हुई थी। इसी तरह गर्भवती आशा देवी समेत तमाम महिलाएं लचर व्यवस्था के आगे दम तोड़ गई। अफसोस जताया कि सरकार अब भी नहीं चेत रही। एडीएम बीएल फिरमाल को ज्ञापन दे चेताया कि यदि स्वास्थ्य सेवा में सुधार न हुआ तो आंदोलन छेड़ेंगे। इस दौरान सरिता मेहरा, हीरा देवी मीना देवी, वंदना कोहली, लीला आर्या, रेशमा, शबाना, किरण देवी सोनिया आदि मौजूद रहीं।
डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल: कांग्रेस
अल्मोड़ा। महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों ने राज्य सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। कहा कि डबल इंजन की सरकार में आमजन त्रस्त है। अन्य वस्तुएं तो छोड़िए रसोई गैस के दाम भी आसमान छूने लगे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुए कहा कि 2022 में जनता माकूल जवाब देगी। कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला की अगुवाई में कार्यकर्ताओ गुरुवार को चौघानपाटा पर प्रदर्शन किया। केंद्र व राज्य सरकार का पुतला फूंक गुबार निकाला। नगर अध्यक्ष रौतेला ने कहा कि महासंकट के दौर में बड़ा तबका बेरोजगारी से बेहाल है। उस पर भाजपा की डबल इंजन सरकार ने महंगाई बढ़ाकर जीना दुश्वार कर दिया है। पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ा दिए जाने से मध्यम वर्ग की कमर टूटने लगी है। खाद्य व अन्य जरूरी वस्तुएं की कीमतें भी मुंह चिढ़ा रही। वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने कहा कि यदि केंद्र व राज्य सरकार ने रसोई गैस, पेट्रो पदार्थो की कीमतें नहीं घटाई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में जिला उपाध्यक्ष विनोद वैष्णव, प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, सचिव दीपाशु पांडे, महासचिव गीता मेहरा, तारू तिवारी, फाकिर खान, महेश चंद्र, सलीम अख्तर, किशनलाल, अरविंद रौतेला, राजेश तिवारी, प्रदीप बिष्ट आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!