भारत माता के जयकारों से गूंजी तीर्थनगरी

ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन विवि परिसर ऋषिकेश की ओर से रविवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। विवि के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए। रविवार को श्री देव सुमन विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश में कुलपति प्रोफेसर एनके जोशी के निर्देशन एवं एनसीसी अधिकारी मेजर धर्मेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में भारतीय सैनिकों के सम्मान को लेकर तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। जिसमें परिसर के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने शिरकत की। एनसीसी अधिकारी मेजर धर्मेंद तिवारी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की सेना की विशिष्टता, विशेषता, कौशल एवं तकनीकी अनुभव के साथ साथ भारत मे बने हथियारों, मिसाइलों की ताकत को दर्शाता है। यह विश्व को याद एवं विश्वास दिलाता है कि आज का भारत आधुनिक भारत है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा मे घूसे बिना सबक सिखाया है। इस ऑपरेशन पर संपूर्ण भारत ने एकजुटता का परिचय दिया है। इस दौरान परिसर से निकली तिरंगा यात्रा हरिद्वार मार्ग, कोयल घाटी से होते हुए वापस विज्ञान संकाय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। मौके पर परिसर के प्रभारी निदेशक प्रोफेसर वीडी पाण्डेय, कंचन लता सिंहा, कल्पना पंत, दिनेश शर्मा, अंजनी दुबे, गौरव आदि उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *