कोटद्वार-पौड़ी

डीएम बोले हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मेहनत व लगन जरूरी

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में बालिका इण्टर कॉलेज पौड़ी में आज महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग पौड़ी के तत्वावधान में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत पोषण अभियान, वाहिनी आत्म रक्षा परीक्षण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा की दो दिवसीय कार्यशाला शुभारम्भ किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बालिकाओं से रूबरू होते हुए कहा कि हर क्षेत्र में आगे बढ़ना है तो उसके लिए मेहनत व लगन जरूरी है। आत्म निर्भर बनने के लिए सही पोषण का उपयोग करना अनिवार्य है, जिससे स्वास्थ्य के साथ  शरीर मजबूत बन सकेगा।
जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित बालिकाओं को सही पोषण आहार तथा आत्म रक्षा प्रशिक्षण की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बालिकायें हर क्षेत्र में बालकों से आगे हैं। शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी हिस्सा लेना चाहिए, जिससे ज्यादा अनुभव प्राप्त हो सकेगा। जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि बालक-बालिकाओं को भविष्य में कुछ बनना है तो उसके लिए समय-समय पर उन्हें हर क्षेत्र की जानकारी दे, जिससे वह उसकी ओर फोकस कर सकेंगे। साथ ही निर्देशित किया कि एक सप्ताह तक आत्म रक्षा के गुर बालिकाओं को सिखाएं। आयोजित प्रशिक्षण में पुलिस महिला कर्मियों द्वारा बालिकाओं को आत्म रक्षा के विभिन्न गुर सिखाए गए। जिलाधिकारी डॉ. जोगदण्डे ने बालिकाओं को खान-पान में सभी पोषक तत्वों को शामिल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण व शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़े तथा पढ़ाई का समय निर्धारित कर पठन-पाठन करें, जिससे सफलता हासिल कर सकेगें। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा हेतु आत्म रक्षा के गुर सीखना जरूरी है, जिससे बालिकाएं अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त विकासखण्डों में बालिकाओं को आत्म रक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। बालिकाएें स्वास्थ्य, शिक्षा व शारीरिक दक्षता के लिए जितना जागरूक रहेंगे देश उतना ही आगे बढ़ेगा। स्वास्थ्य विभाग से डॉ. रश्मि ने बालिकाओं को सही समय व सही पोषक तत्वों को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खाने से पूर्व हाथों को अच्छी तरह धोना है, जिससे कीटाणु शरीर के अंदर ना जाएं। मानसिक स्वास्थ्य को बनाये रखे। उन्होंने किशोर अवस्था के दौरान आने वाले शारीरिक व मानसिक बदलाव के समय सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने संतुलित आहार लेने, खेलकूद, व्यायाम करने पर जोर दिया। इस अवसर पर बाल विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य ममता काला, महिला कल्याण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी, जिला समन्वयक बीना रावत, महिला पुलिस कर्मी नीता व गीता सहित बालिकाएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रमन रावत पोली ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!