सुरक्षा का भरोसा, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दिल्ली कार धमाके के बाद शहर की सुरक्षा को लेकर मुस्तैद हुई पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने आमजन को बेहतर सुरक्षा का आश्वासन दिया। कहा कि शहर की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम गंभीरता से कार्य कर रही है।
गुरुवार सुबह कोतवाली परिसर से बदरीनाथ मार्ग, झांडाचौक, स्टेशन रोड सहित अन्य स्थानों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को बेहतर कानून व्यवस्था का आश्वासन दिया। कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का पहला कर्तव्य है। इसके लिए बकायदा पुलिस की विशेष टीमें भी गठित की गई हैं। उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे कौड़िया चैक पोस्ट पर लगातार वाहनों की तलाशी की जाती है। शहर में घूमने वाले हर संदिग्ध पर पुलिस नजर रखती है। कहा कि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आमजन को भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए। किसी भी तरह की अपराधिक गतिविधि होने पर उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। कहा कि पुलिस टीम शहर में रात्रि गश्त पर भी डटी रहती है। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने नगर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पैदल भ्रमण करते हुए स्थानीय नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना को प्रबल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *