विकासनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,460 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढकरानी स्थित गौहर वाली गली में पेड़ के नीचे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने करीब शाम 4:10 बजे मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां जुआ खेल रहे लोगों में हलचल मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीद पुत्र मंजूला, निवासी वार्ड नंबर-5 ढकरानी, राकेश पुत्र विश्वनाथ, निवासी गुडरिच चाय बगीचा, विकासनगर तथा सरीफ पुत्र सबारती, निवासी वार्ड नंबर-7 ढकरानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा संख्या 243/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।