पुलिस ड्यूटी बढ़ाई, फिर भी लग रहा जाम
जयंत प्रतिनिधि
श्रीनगर गढ़वाल। चमधार भूस्खलन जोन में वाहनों के फंसने से लग रहे जाम से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। शनिवार को पुलिस प्रशासन की ओर से होमगार्ड व पुलिस के पांच और जवानों को यहां पर ड्यूटी पर तैनात किए जाने के बावजूद जाम की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगने से लोगों को जाम में फंसे रहने को विवश होना पड़ा।
श्रीनगर से धारी देवी की ओर चमधार से डुंगरीपंथ तक कई दिनों से जाम से लोगों बेहाल हो रहे हैं। दरअसल यहां पर हाईवे के ऊपर पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण सड़क तंग हो चुकी है। लोगों का कहना है कि पूर्व में एनएच लोनिवि ने यहां पर वाहनों के आने-जाने के लिए मार्ग बना दिया था, लेकिन उसके बाद पहाड़ी से आ रहे मलबे को पूरी तरह से हटाने व मार्ग को ठीक करने की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे यहां पर वन-वे हो गया है। मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होने के कारण यहां पर पुलिस को ट्रैफिक नियंत्रण में दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय निवासी ओमकार नौटियाल का कहना है कि यहां पर बने डेंजर जोन में पत्थरों के गिरने का भय भी बना हुआ है, जिससे जाम में फंसे रहने के दौरान कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को यहां से रोज आवाजाही करनी होती है उन्हें रोज इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। एसएसआई रणवीर रमोला ने बताया कि स्थिति को देखते हुए शनिवार को पांच और जवानों को यहां पर ड्यूटी पर लगाया गया, जबकि पूर्व से यहां पर चार जवान ड्यूटी पर थे। कहा अन्य दिनों की अपेक्षा शनिवार को स्थिति नियंत्रण में रही।