ई-मोबाइल वैन के जरिए गांव-गांव पहुंची पुलिस, नए कानूनों पर किया संवाद

Spread the love

अल्मोड़ा। जनपद में सचल न्यायालय (ई-मोबाइल वैन) के माध्यम से नए आपराधिक कानूनों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों और कस्बों में पहुंचकर लोगों को उनके अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में संचालित इस अभियान में पुलिस टीम ने सोमेश्वर, ताकुला, कोसी, द्वाराहाट और बग्वालीपोखर समेत विभिन्न क्षेत्रों और विद्यालयों में पहुंचकर आमजन और स्कूली बच्चों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लोगों की शंकाओं का मौके पर समाधान करते हुए उन्हें नए कानूनों की प्रक्रिया और प्रावधानों से अवगत कराया गया। पुलिस ने बताया कि नए कानूनों के तहत नागरिकों को अधिक सुदृढ़ सुरक्षा, त्वरित न्याय व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया का लाभ मिलेगा। इस दौरान लोगों को कानूनों का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने और समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में अपर उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह खाती, कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह रिंगवाल, कांस्टेबल सुमित कुमार और चालक कांस्टेबल अजय जोशी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *