पुलिस बोली अनजानों के साथ शराब पीने जाने पर लूटा गया इंजीनियर

Spread the love

देहरादून। दून के चर्चित सॉफ्टवेयर इंजीनियर लूट और जानलेवा हमले के मामले में बुधवार को खुलासा हो गया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटा गया आईफोन बरामद कर लिया है। पुलिस जांच और आरोपी के बयान में अपहरण की बात नहीं टिकी। पुलिस का दावा है कि पीड़ित इंजीनियर अपनी मर्जी से आरोपियों के साथ स्कूटर पर बैठकर शराब पीने गया था। इसी दौरान घटना हुई। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बुधवार शाम अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर घटना खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विनोद कुमार निवासी शिवाजी मार्ग कांवली रोड की तहरीर पर आठ मई की रात केस दर्ज किया गया। उनका बेटा आकाश आईटी पार्क स्थित कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर है। आरोप था कि छह मई की रात करीब 2:15 बजे सहस्रधारा क्रासिंग पर घर आने के लिए खडा था। जहं स्कूटी सवार दो युवक पहुंचे। वह उनके बेटे को जबरन बैठाकर जामुनवाला ले गए। वहां पुल पर मारपीट कर आकाश से दो मोबाइल फोन, 600 रूपये लूट लिए गए और उसे धक्का देकर पुल से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। आकाश की रीढ़ की हड्डी में चोट आने के चलते सर्जरी हुई है। इसलिए उसके पूरी तरह बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं।
घटना का खुलासा: एसपी सिटी ने बताया कि खुलासे के लिए घटनास्थल और संभावित रास्तों के करीब 110 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी के आधार पर 12 मई को पुलिस ने मीठी बेहड़ी रोड (प्रेमनगर) से आरोपी मृदुल गुरुंग (20) पुत्र दीपक गुरुंग निवासी गढ़ी कैंट को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटा गया एक फोन बरामद हुआ है। वारदात में शामिल उसका दूसरा साथी अस्मित थापा निवासी गढ़ी डाकरा अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मृदुल ने बताया कि छह मई की रात सवा दो बजे वे सहस्रधारा क्रॉसिंग पर थे। उन्होंने वहां अकेले खड़े इंजीनियर आकाश से रास्ता पूछा। बातचीत के बाद आकाश उसके घर छोड़ने के बहाने अपने स्कूटर पर बैठा लिया। रास्ते में थोड़ा खा-पीकर घर छोड़ने की बात पर आकाश ने कहा कि उसके पास शराब है और वह अपनी सहमति से उनके साथ जामुनवाला की ओर चल दिया।
छीनाझपटी में पुल से गिरा इंजीनियर
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि तीनों ने हनुमान मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल पर बैठकर शराब पी। इसी दौरान उन्होंने आकाश से मोबाइल मांगा। आकाश के मना करने पर आरोपियों ने उसके हाथ पकड़कर आईफोन, एक अन्य मोबाइल और 600 रुपये लूट लिए। इसी छीनाझपटी और हाथापाई के दौरान धक्का लगने से आकाश पुल से नीचे गिर गया। इसके बाद दोनों आरोपी घबराकर मौके से भाग निकले। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए ही उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने आपराधिक वारदात के इरादे अपने स्कूटर का एक नंबर भी टेप लगाकर छिपाया हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *