बागेश्वर। दो सूत्रीय मांगों को लेकर पीआरडी जवान एक बार फिर मुखर हो गए हैं। शनिवार को उन्होंने जिला मुख्यालय तक नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला तथा कलक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। शनिवार को जवान नुमाईशखेत मैदान में एकत्रित्र हुए। यहां से नारेबाजी के साथ हुंकार रैली निकाली। जवानों ने हाथों में काला फीता बांधा और सड़कों पर उतर आए। मुख्य बाजार से लेकर तहसील रोड होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग दोहराई। 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।बताया गया कि पीआरडी जवानों का देहरादून में भी आंदोलन जारी है। कहा कि लंबे समय से वे इन मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका विरोध जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन के साथ-साथ वह अपनी ड्यूटी का निर्वहन भी करते रहेंगे। इस अवसर पर रविंद्र सिंह, नीमा वर्मा, मुन्नी भंडारी, खष्टी मेहता, राजन लाल, सुंदरलाल, आनंद खेतवाल, महेश लाल, तनुज प्रकाश, ललित भट्ट, रंजन, राजन कुमार, किशोरी लाल सहित कई जवान उपस्थित थे।