पालतू कुत्तों पर नकेल की तैयारी, जरूरी होगा पंजीकरण

Spread the love

नगर निगम की ओर से तैयार की जा रही योजना
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में पालतू कुत्तों पर नकेल कसने के लिए नगर निगम खाका तैयार कर रहा है। ऐसे में अब बिना पंजीकरण कुत्ता पालने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कुत्ता पालने से पूर्व पड़ोसी से भी अनापत्ति पत्र लेकर आना होगा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर खूंखार कुत्तों को घुमाने पर भी प्रतिबंध होगा।
शहर के लोगों में पालतू कुत्तों को पालने का शौक लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह व शाम के समय खूंखार कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर घुमाना लोग अपनी शान मानते हैं। लेकिन, अब पालतू कुत्तों को पालने से पहले नगर निगम में पंजीकरण करवाना होगा। साथ ही निगम में अपने पड़ोसी से कुत्ता पालने की इजाजत का पत्र लेकर भी जाना होगा। नगर निगम कुत्तों पर टैग भी लगाएगा। ऐसे में यदि कोई कुत्ते को कुछ समय पालने के बाद सड़क पर आवारा छोड़ता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होना तय है।

बिना माउथ कवर के घूमा रहे खूंखार कुत्ते
शहर में कई लोग अपने ऐसे पालतू कुत्तों को बिना माउथ कवर के सड़कों में घुमाते देखे जा सकते हैं, जिन्हें खूंखार कुत्तों की श्रेणी में रखा गया है। सुबह-शाम के वक्त लोग पिटबुल, रोटविलर, जर्मन शेफल्ड सहित अन्य खतरनाक कुत्तों को लेकर सड़कों में घूमते देखे जा सकते हैं। हालांकि, अभी तक क्षेत्र में खुंखार कुत्तों के हमले की कोई घटना सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *