महिला विंग की बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं पर बनी सहमति
जयन्त प्रतिनधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के गोविंद नगर स्थित गीता भवन में उत्सव समिति की महिला विंग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी हरियाली तीज महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। समिति ने इस बार भी हरियाली तीज महोत्सव को पारंपरिक रंग और उल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम के दौरान सावन के लोकगीतों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें हास्य नाटिका, शिव-पार्वती विवाह, नृत्य नाटिका, हरियाणवी नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं, बाल संस्कार कक्षा के बच्चों की ओर से देशभक्ति पर आधारित नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी। समिति की ओर से महोत्सव में महिलाओं एवं बच्चों के लिए झूलों की विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही स्वयं निर्मित कड़े एवं कंगन की प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम की संयोजक शशि शर्मा ने कहा कि हरियाली तीज महिलाओं के लिए आस्था, उमंग और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। महोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को भी लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर अमिता गर्ग, रिचा गर्ग, सीमा गोयल, पूजा लड्डा, सुधा अग्रवाल, लक्ष्मी गर्ग, उमा अरोड़ा, संगीता अग्रवाल एवं रश्मि अग्रवाल आदि मौजूद रहे।