कोरोना को हराने के लिए पौड़ी जिले में भी शुरू हुआ प्रिकॉर्शन डोज अभियान

Spread the love

-जिलाधिकारी ने एक हफ्ते में सभी का टीकाकरण करने के दिए निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोरोना संक्रमण की रोकथाम को पौड़ी जिले में भी बूस्टर डोज (प्रिकॉर्शन) लगनी शुरू हो गई है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे के दिशा-निर्देशन में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ। यह कोरोना रोधी बूस्टर डोज फिलहाल फ्रंट लाइन वर्कर व 60 साल से अधिक उम्र वालों को लगाई जा रही है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द अधिक से अधिक लोगों को बूस्टर डोज लगाई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन लोगों को दूसरी डोज लगे हुए नौ माह का समय पूर्ण हो गया है, उन्हें इस अभियान में शामिल किया जाएगा। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि एक हफ्ते में सभी को टीकाकरण करवाना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने समस्त अधिकारी व कार्मिकों को निर्देशित किया कि समय पर टीकाकरण करें। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को चिह्नित कर टीकाकरण करवाएं। मुख्य चिकित्साधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि टीकाकरण के पहले दिन पुलिस लाइन पौड़ी, विकास भवन पौड़ी, जिला चिकित्सालय, नगर पालिका, राजकीय मेडिकल कॉलेज कोटद्वार, संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर सहित समस्त सीएचसी केन्द्रों पर टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर एसपी अनूप काला, एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर, सीओ सदर प्रेम लाल टम्टा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *