द्वारीखाल बीडीसी बैठक में छाई रही सड़क, शिक्षा व पेयजल की समस्याएं

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड द्वारीखाल की क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) बैठक में सड़क, शिक्षा, पेयजल और कृषि समेत क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याएं प्रमुखता से उठीं। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में कुल 107 समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का संबंधित अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। वहीं, शेष समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया गया।
ब्लॉक प्रमुख बीना राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लोक निर्माण विभाग, पेयजल, शिक्षा और कृषि से जुड़े मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। इसके अलावा विद्युत, राशन कार्ड और अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं भी सदन में उठाई गईं। बैठक में बीरेंद्र सिंह ने द्वारीखाल-बरसूड़ी मोटर मार्ग के चौड़ीकरण का मुद्दा उठाते हुए सड़क की समस्या के समाधान की मांग की। सतीश सिंह ने आबाद खेतों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए प्रभावी योजना तैयार करने की मांग रखी। वहीं बीना देवी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाली के भवन के मरम्मतीकरण का मुद्दा उठाया। अर्जुन सिंह ने द्वारीखाल-चेलूसैंण मोटर मार्ग पर स्थित गदेरे में पुल निर्माण की मांग सदन में रखी। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा और कृषि से जुड़ी समस्याओं का सीधा असर ग्रामीणों के जनजीवन पर पड़ रहा है, इसलिए इनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना जरूरी है। ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सदन में उठाई गई शेष समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों में तेजी लाने के साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। बैठक में कनिष्ठ उप प्रमुख कौशल्या देवी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, अर्जुन सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा देवी, जिला पंचायती राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडाउन विवेक कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह, विद्युत विभाग की नमिता अग्रवाल, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *