डीएम ने किया श्रम पर्वतन कार्यालय का निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : श्रमिक कार्ड निर्माण, पंजीकरण एवं नवीनीकरण में श्रमिकों को आ रही समस्याओं और निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि लिए जाने की शिकायतों को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गंभीरता से लिया है। शनिवार को उन्होंने गोपेश्वर स्थित पुराने पेट्रोल पंप के समीप संचालित श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रमिक कार्ड निर्माण एवं संबंधित सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और श्रमिक हितैषी बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिक कार्ड बनाए जाने को लेकर विभिन्न माध्यमों से समस्याएं एवं शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इनमें सीमित संख्या में टोकन दिए जाने तथा निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि लिए जाने जैसी शिकायतें प्रमुख हैं। उन्होंने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय श्रम प्रवर्तन अधिकारी चाइल्ड रेस्क्यू अभियान में गए हुए थे। उन्होंने कहा कि श्रमिक कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों, टोकन व्यवस्था, निर्धारित शुल्क, आवेदन प्रक्रिया तथा श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और जहां आवश्यकता होगी, वहां तत्काल सुधार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों की सुविधा के लिए आवश्यकता पड़ने पर कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से श्रमिक कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले केन्द्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही जिन विकासखंडों में श्रमिक कार्ड बनाने का कार्य सौंपा गया है, वहां की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।