श्रीनगर गढ़वाल : आदर्श रामलीला समिति की ओर से आयोजित श्रीनगर की ऐतिहासिक रामलीला का मंचन 11 अक्तूबर से शुरू होगा। इस बार भगवान राम की 127वीं लीला का मंचन किया जाएगा।

आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और कलाकार अपने-अपने पात्रों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने के लिए रिहर्सल में जुटे हैं। समिति के अध्यक्ष देवेंद्रमणि मिश्रा ने बताया कि 11 अक्तूबर को हर वर्ष की तरह कमलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में ताड़का वध की लीला के साथ रामलीला का शुभारंभ होगा। इस बार भगवान राम की बरात को भी भव्य रूप देने की तैयारी है। राम बरात कमलेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। बरात में ऋषिकेश से बुलाया गया मशहूर बैंड विशेष आकर्षण रहेगा। इधर, रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के लिए पुतले तैयार करने वाले कारीगर भी बृहस्पतिवार को श्रीनगर पहुंच गए हैं। (एजेंसी)