बेअसर रही बारिश, अस्पताल में बढ़े मरीज

Spread the love

बेस अस्पताल में बढ़ी उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पिछले दिनों हुई बारिश बेअसर रही। नतीजा, भीषण गर्मी व उमस ने आमजन को बीमार करना शुरु कर दिया है। राजकीय बेस चिकित्सालय में उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रतिदिन चिकित्सालय पहुंचने वाले पांच-छ: सौ मरीजों में से सौ-डेढ़ सौ मरीज उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। चिकित्सक भी मरीज व उनके तीमारदारों को धूप व लू से बचने की सलाह दे रहे हैं। वहीं, क्षेत्र के निजी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है।
गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में लगातार गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पिछले दिनों हुई वर्षा का असर यह है कि अब भीषण गर्मी व उमस परेशान कर रही है। ऐसे में शरीर को झुलसाने वाली धूप व उमस आमजन की सेहत को बिगाड़ने लगे हैं। सुबह से अस्पताल में ओपीडी की पर्ची बनवाने वालों की लंबी-लंबी लाइनें नजर आ रही हैं। अस्पताल में अधिकांश मरीज उल्टी-दस्त, डायरिया व बुखार के पहुंच रहे हैं। बेस चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजीशियन डा. जेसी ध्यानी मरीजों को गर्मी के मौसम में सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सक का कहना है कि ऐसे मौसम में खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। साथ ही बुजुर्ग व बच्चों को तेज धूप में घर से बाहर निकलने से परहेज करना चाहिए। गर्मी का प्रकोप बच्चों पर भी भारी पड़ रहा है। अधिकांश बच्चों में उल्टी, दस्त के साथ ही पेट दर्द की समस्या सामने आ रही हैं। चिकित्सकों की माने तो ऐसे मौसम में बच्चों को फास्टफूड व बाहर के खाने से परहेज करना चाहिए।
इन का रखे ध्यान
1. बाहर धूप से आकर तुरंत ठंडा पानी न पीएं
2. ताजा खाना खाएं व बासी खाने से परहेज करें
3. धूप में सिर को कपड़े से ढक कर ही बाहर निकलें
4. फास्टफूड खाने से परहेज करें
5. अधिक से अधिक पानी पीएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *