जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्यावरण संरक्षण के लिए पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत के छात्र-छात्राओं की ओर से अभियान चलाया गया। ग्राम पंचायत धरासू के जंगल में 150 से अधिक बीज बम भूमि में दबाए। यूथ एवं ईको क्लब तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि उत्तराखंड में बीज बम अभियान पर्यावरण संरक्षण की एक अभिनव, प्रभावी और कम लागत वाली पहल है। इसकी शुरुआत वर्ष 2017 में जाड़ी संस्था के संस्थापक द्वारिका प्रसाद सेमवाल द्वारा उत्तरकाशी से की गई थी। वर्तमान में राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग इस अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गत शनिवार को देहरादून स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय बीज बम अभियान कार्यक्रम में प्रदेश के 1,056 विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्षाकाल में सभी विद्यालयों के सहयोग से बीज बम अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और वन संवर्धन को नई गति मिलेगी। विद्यालय में आयोजित अभियान के दौरान शिक्षकों प्रमोद कुमार रमोला, सतीश चंद्र शाह, संजय कुमार, प्रकाश कैंथोला, प्रमोद रावत, नीरज कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने मिट्टी और गोबर से बीज बम तैयार किए। इनमें बांज, आंवला, कचनार, आड़ू, प्लम तथा काफल के बीज डाले गए। इसके बाद इन बीज बमों को विद्यालय परिसर से सटे ग्राम पंचायत धरासू के चीड़ के जंगल में छोटे-छोटे गड्ढे बनाकर भूमि में दबाया गया। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि वर्षा के साथ ये बीज अंकुरित होकर पौधों और फिर विशाल वृक्षों का रूप लेंगे, जो भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और हरित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।