हरिद्वार-रुड़की में बारिश का कहर: सड़कें बनीं तालाब, घरों में घुसा पानी, स्कूल बंद, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Spread the love

हरिद्वार , उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में देर रात से लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है, जबकि रुड़की में हालात और भी खराब हो गए हैं। भारी बारिश के चलते जिला प्रशासन ने 9 जुलाई को सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
हरिद्वार में कई इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित
लगातार हो रही बारिश के कारण मध्य हरिद्वार के व्यस्ततम श्री चंद्राचार्य चौक और भगत सिंह चौक रेलवे पुलिया के नीचे घुटनों तक पानी भर गया है। जलभराव के चलते वाहनों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मार्गों पर यातायात धीमी गति से चल रहा है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
24 घंटे में अच्छी बारिश, गंगा का जलस्तर बढ़ा
पिछले 24 घंटों के दौरान हरिद्वार में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, भीमगोड़ा बैराज पर गुरुवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 291.10 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यह अभी भी चेतावनी स्तर 293.00 मीटर और खतरे के स्तर 294.00 मीटर से नीचे है। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने गंगा किनारे रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने तथा नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है।
रुड़की में हालात सबसे खराब, घरों में घुसा पानी
हर साल जलभराव की समस्या झेलने वाला रुड़की इस बार मानसून की शुरुआती बारिश में ही बुरी तरह प्रभावित हो गया है। शहर के कई इलाकों में एक से तीन फुट तक पानी भर जाने से करीब डेढ़ से दो लाख की आबादी प्रभावित हुई है। अनेक घरों के अंदर पानी घुस गया है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कई परिवार घरों में ही फंसकर रह गए हैं।
रामपुर चुंगी मार्ग पूरी तरह बंद
भारी जलभराव के कारण रामपुर चुंगी पर तीन से चार फुट तक पानी भर गया है। इसके चलते भगवानपुर और देहरादून को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की तैयारियां की जा रही हैं।
रेड अलर्ट के चलते स्कूलों में अवकाश
मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 9 जुलाई को जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। यदि वर्षा का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो निचले इलाकों में जलभराव और गंगा के जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *