किच्छा में राकेश टिकैत आज शुरू करेंगे धरना-प्रदर्शन
रुद्रपुर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शुक्रवार यानी आज से इंटरार्क मजदूर संगठन की मांगों का समर्थन करते हुए इंटरार्क फैक्ट्री के गेट पर अनिश्चिकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। अखिल भारतीय इंटरार्क मजदूर फेडरेशन ने फैक्ट्री प्रबंधन पर शोषण का आरोप लगाते हुए अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर बीते 459 दिनों से फैक्ट्री गेट पर धरना दे रखा है। बीती चार अक्तूबर को भाकियू नेता राकेश टिकैत ने फैक्ट्री गेट पर महापंचायत कर मजूदरों की मांगों का समर्थन किया था। महापंचायत के दौरान मजदूर और प्रबंधन की वार्ता असफल होने के बाद टिकैत ने 18 नंबवर से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया था। इसके चलते गुरुवार को मजूदर संगठन ने फैक्ट्री गेट पर विशाल तम्बू लगाकर टिकैत के आगमन की तैयारी शुरू कर दी है। मजदूर नेताओं ने बैठक कर दिनभर धरना-प्रदर्शन का खाका तैयार किया। इंटरार्क मजूदर संगठन किच्छा के अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11 बजे धरनास्थल पर राकेश टिकैत का आगमन होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।