देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन का प्रस्ताव शासन को भेजने की संस्तुति

Spread the love

गोपेश्वर। जिला स्तरीय पुनर्वास समिति ने देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन संबंधी प्रस्ताव को संस्तुति के लिए शासन को भेजने पर सहमति व्यक्त की। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विस्थापन संबंधी प्रस्ताव की सभी अभिलेख व औपचारिकताएं पूरी करते हुए शीघ्र प्रस्ताव शासन को भेजा जाए। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति की बैठक हुई। इसमें तहसील ज्योतिर्मठ के अंतर्गत देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा हुई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि इन 27 परिवारों के विस्थापन के लिए एक करोड़ 21 लाख 25 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें विस्थापित होने वाले परिवारों के लिए भवन निर्माण, गोशाला, विस्थापन भत्ता, विस्थापित परिवारों को पुनर्वास स्थल पर व्यवसाय शुरू करने के लिए सहायता सहित अन्य मदों को शामिल किया गया है। आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि देवग्राम का दो बार भू-वैज्ञानिक सर्वे कर चुके हैं। तहसील स्तर पर कार्ययोजना व विस्थापन संबंधी अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। डीएम ने कहा कि प्रभावित परिवारों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित पुनर्वास के लिए सभी जरूरी कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *