कोटद्वार-पौड़ी

विधानसभा लैंसडौन में दस सालों से विकास को लेकर निष्क्रिय हैं क्षेत्रीय विधायक

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने विधानसभा लैंसडौन में विगत दस सालों से विकास न कराये जाने को लेकर क्षेत्रीय विधायक की निष्क्रियता को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि विगत दस सालों में लैंसडौन विधानसभा में विकास का एक भी कार्य नहीं हुआ है, जितने भी विकास कार्य हो रहे है, वे पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत है, उन्हीं पर काम हो रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर विधायक निधि के पैसों का भी बंदरबांट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक अपनी ही जेसीबी मशीनों के माध्यम से सड़कों के नाम पर विधायक निधि का दुरूपयोग कर रहे है। तथा लाखों का वारा न्यारा किया जा रहा है।
राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि वर्तमान में लैंसडौन विधानसभा में सड़को की हालत बहुत ही खराब है। हास्पिटलों में डॉक्टर एवं मेडिकल स्टाफ सहित दवाईयां न होने से क्षेत्रीय लोगों को इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर कमीशनखोरी का भी आरोप लगाते हुए कहा कि अपने स्वार्थ के लिए क्षेत्रीय विधायक ने अदालीखाल में स्थित लोक निर्माण विभाग के सब डिवीजन को बंद करवा दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की घोषणा के बाद भी आंदोलन कर रही आशा कार्यकत्रियों को दस हजार रूपये की धनराशि भी नहीं दी गयी है, जोकि मातृशक्ति का घोर अपमान है। आगामी विधानसभा के चुनावों को लेकर भी वार्ता करते हुए राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि विगत दिनों ऋषिकेश में हुई चिंतन मंथन बैठक में कई प्रस्ताव पारित करते हुए बूथ कमेटियों के पुर्नगठन करने का निर्णय लिया गया है। जिसमें टे्रनर के माध्यम से बूथ कमेटियों को ट्रेनिंग दी जायेगी। कहा कि कांगे्रस कमेटी के द्वारा एक संकल्प पत्र भी तैयार किया जा रहा है। जिसमें कांग्रेस सरकारों के कार्यकालों में हुए विकास कार्यों को लेखा जोखा प्रस्तुत किया जायेगा। साथ ही भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों को भी उजागर करते हुए जनता में प्रचारित एवं प्रसारित किया जायेगा। कहा की आगामी कुछ दिनों में प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व की अगुवाई में प्रदेशभर में परिवर्तन यात्रा निकाली जायेगी। जिसमें भाजपा सरकार के काले कारनामों को उजागर कर जनता के समक्ष रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा की जनविरोधी नीतियों एवं बढते भ्रष्टाचार से खिन्न होकर लोग अब भाजपा से मुंह मोड रहे है, तथा कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सत्ता में आते ही न्याय योजना लागू करते हुए नौजवानों को रोजगार के अवसर पैदा किये जायेगें। साथ ही भाजपा सरकार के जनविरोधी निर्णयों को तत्काल प्रभाव से समाप्त करवा दिया जायेगा।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष डा0 चन्द्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, बलबीर सिंह रावत, हेमचंद्र पंवार, राजेन्द्र सिंह गुंसाई, चंद्रमोहन सिंह रावत, महावीर सिंह रावत, धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, कृपाल सिंह नेगी, बृजपाल सिंह नेगी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!