श्रीनगर गढ़वाल : विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर (पीजी), पीजी डिप्लोमा, बीएड, बीपीएड, एलएलबी, बीलिब सहित अनेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित विवि प्रवेश परीक्षा (यूईटी)-2026 में सफल अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। पात्र अभ्यर्थी 29 जुलाई यानी आज से 5 अगस्त 2026 की रात 11:55 बजे तक समर्थ प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण कर सकेंगे। विवि ने 17 जून से 20 जून तक विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर यूईटी का सफलतापूर्वक आयोजन किया। प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 13,900 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 2,273 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे तथा 9,877 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। अब सफल अभ्यर्थी अपने इच्छित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विवि के विभिन्न परिसरों व संबद्ध महाविद्यालयों/संस्थानों के विकल्प ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। छात्र अधिष्ठाता कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रवेश पंजीकरण पोर्टल 29 जुलाई से 05 अगस्त तक सक्रिय रहेगा। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर विवि प्रवेश पोर्टल पर लॉगिन कर अपने पसंदीदा विवि परिसर व संबद्ध महाविद्यालय/संस्थान की वरीयताएं दर्ज करते हुए पंजीकरण शुल्क जमा करने को कहा है। सीटों का आवंटन अभ्यर्थियों की मेरिट, पात्रता, आरक्षण, उपलब्ध सीटों व अभ्यर्थियों की ओर से दर्ज की गई वरीयताओं के आधार पर किया जाएगा। प्रवेश पंजीकरण के लिए लिंक पर उपलब्ध रहेगा। (एजेंसी)