जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : गढ़वाल कप्तान राम प्रसाद नौटियाल की 121वीं जयंती पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने नौटियाल के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
देहरादून स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले राम प्रसाद नौटियाल के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि समाज सेवा में दिए गए नौटियाल के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वह एक क्रांतिकारी थे। जो सदैव भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते रहे। डा. योगेश धस्माना ने कहा कि कप्तान नौटियाल भारत छोड़ो आंदोलन के नायक रहे। उन्होंने आंदोलन में सत्याग्रह किया साथ ही किसानों का भी नेतृत्व किया। पूर्व राज्य सूचना आयुक्त डा. विपिन घिल्डियाल ने कहा कि युवा पीढ़ी को नौटियाल के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस मौके पर नंद किशोर नौटियाल, एडवोकेट कृष्णानंद मैठाणी, पत्रकार नागेंद्र उनियाल डा. प्रकाश चमोली, प्रदीप रावत, मनीष सुंद्रियाल, कर्नल सीएम नौटियाल, डा. एसएस असवाल आदि मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता कर्नल सीएम नौटियाल ने की। जबकि, संचालन सुभाष नौटियाल ने किया।