भारत-चीन कारोबार फिर बहाल होना सीमांत के लिए लाभकारी : पांडे

Spread the love

पिथौरागढ़। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता हेमंत पांडे ने लिपुलेख दर्रे के माध्यम से भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय व्यापार के पुनः शुरू होने के निर्णय पर हर्ष व्यक्त किया है। छह वर्षों के लंबे अंतराल के बाद व्यापार बहाल होने के इस फैसले को उन्होंने स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए ‘संजीवनी’ करार दिया है। अभिनेता हेमंत पांडे ने कहा कि इस मार्ग के खुलने से न केवल सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यावसायिक रौनक लौटेगी, बल्कि उन व्यापारियों के चेहरों पर भी मुस्कान आएगी जो पीढ़ियों से इस पारंपरिक कारोबार से जुड़े हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत-चीन व्यापार केवल वस्तुओं का आदान-प्रदान नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर स्थानीय लोगों की आजीविका का मुख्य आधार है।उन्होंने आगे कहा कि सीमांत गांवों से हो रहे पलायन को रोकने में यह व्यापार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जब स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में ऊन, जड़ी-बूटी और अन्य स्थानीय वस्तुओं के व्यापार से आय प्राप्त होगी, तो वे आत्मनिर्भर बनेंगे।अंतरराष्ट्रीय व्यापार को दोबारा पटरी पर लाने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार का आभार जताया। पांडे ने विशेष रूप से जिलाधिकारी आशीष भटगांई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्र के विकास के लिए उनके द्वारा किए जा रहे कार्य प्रशंसनीय हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के बाद से भारत और चीन के बीच होने वाला यह पारंपरिक व्यापार ठप पड़ा था। अब दोनों देशों के बीच आगामी जून माह से इसे फिर से शुरू करने की सहमति बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *