नीट-यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, 21 जून को दो केंद्रों पर होगी परीक्षा

Spread the love

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को नवीन कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि पुनर्परीक्षा 21 जून को जनपद के दो परीक्षा केंद्रों—केंद्रीय विद्यालय रानीखेत और बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी) द्वाराहाट में आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा केंद्रों का एक दिन पूर्व निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा कक्षों, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को परीक्षा के दिन दोनों केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी पहले से तैयार रखने को कहा। बैठक में जानकारी दी गई कि पुनर्परीक्षा में कुल 504 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें केंद्रीय विद्यालय रानीखेत में 288 और बीटीकेआईटी द्वाराहाट में 216 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सीसीटीवी कैमरे और जैमर परीक्षा से पूर्व पूरी तरह कार्यशील अवस्था में होने चाहिए तथा उनकी जांच एक दिन पहले ही कर ली जाए। परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, उप जिलाधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *