साहिया कॉलेज में तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

Spread the love

साहिया, सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय (पी.जी.) कॉलेज, साहिया में क्रीड़ा विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय महाविद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के प्रथम दिन बालक एवं बालिका वर्ग में कबड्डी की चयन स्पर्धा आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य आगामी श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए महाविद्यालय की दोनों वर्गों की टीमों का चयन करना रहा। चयन स्पर्धा में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक अजय नौटियाल, हिमालयन स्पोट्र्स एकेडमी के प्रवीन चौहान तथा महाविद्यालय के कोच अंकित शर्मा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।स्पर्धा में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर बालक वर्ग से 14 तथा बालिका वर्ग से 14 खिलाड़ियों का चयन आगामी अंतर-महाविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। क्रीड़ा प्रभारी वरुण प्रसाद सेमवाल ने कहा कि महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को खेलों के प्रति लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। चयन स्पर्धाओं के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ विश्वविद्यालय स्तर पर महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल रहा है। महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास होता है।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की बालक कबड्डी टीम लगातार दो बार अंतर-महाविद्यालयीय चैंपियन रह चुकी है, जबकि बालिका कबड्डी टीम ने गत वर्ष चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। गत वर्ष महाविद्यालय के छह खिलाड़ियों का चयन नॉर्थ जोन स्तर के लिए भी हुआ था।
कार्यक्रम में उप प्राचार्य डॉ. प्रियंका जलाल, रितेश तोमर सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *