बड़कोट (उत्तरकाशी)। यमुनोत्री घाटी क्षेत्र में देर रात से जारी बारिश और आंधी-तूफान के बीच सारीगाड में यमुनोत्री हाईवे पर मलबा और पत्थर गिरने से बुधवार को यातायात प्रभावित रहा। पहाड़ी से लगातार मलबा आने के कारण हाईवे पर आवाजाही बार-बार बाधित होती रही। इससे यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को घंटों तक मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा।सारीगाड़ में मलबा और पत्थर आने के साथ ही हाईवे के अन्य संवेदनशील स्थानों जंगल चट्टी, दुर्बिल बैंड, जर्जर गाड़ और स्यानाचट्टी में भी यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि फिलहाल हाईवे यातायात के लिए खुला है लेकिन सारीगाड़ समेत कई स्थानों पर दलदल और जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है।लगातार खराब मौसम के चलते सारीगाड़ क्षेत्र में हाईवे पर भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। एनएच की ओर से संवेदनशील स्थानों पर मशीनें और कर्मचारी तैनात किए गए हैं ताकि मलबा आने पर तत्काल उसे हटाकर यातायात सुचारु किया जा सके। एनएच के अधिशासी अभियंता मनोज रावत और निर्माण कार्य एजेंसी के पीएम गोपाली श्रीनिवासुलू रेड्डी ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर मशीनरी और कर्मचारियों को मुस्तैद रखा गया है।