साध्वी सरोजनी गिरी ने पुलिस प्रशासन से लगायी सुरक्षा की गुहार

 

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित धर्मार्थ ट्रस्ट की संचालिका महामण्डलेश्वर साध्वी सरोजनी गिरी ने प्रैसवार्ता कर पुलिस प्रशासन से भूमाफियाओं एवं असामाजिक तत्वों से सुरक्षा की गुहार लगायी है। मध्य हरिद्वार स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए जूना अखाड़े की महामण्डलेश्वर साध्वी सरोजनी गिरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भूमाफिया आश्रम की भूमि को खुर्दबुर्द करना चाहते हैं। आश्रम की भूमि खुर्दबुर्द करने की फिराक में लगे भूमाफिया बीती 30 अप्रैल व 13 मई को उन्हें डराने धमकाने के उद्देश्य से उनके कमरे में घुस आए और उनके साथ मारपीट करते हुए जबरदस्ती उनसे कोरे कागजों पर अंगूठा लगवा लिया। साध्वी सरोजनी गिरी ने कहा कि वे लंबे समय से आश्रम का संचालन कर रही हैं। आश्रम में धार्मिक क्रियाकलाप भी निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ भूमाफिया व असामाजिक तत्व आश्रम की धार्मिक संपत्ति को हड़पने की फिराक में लगे हैं। असामाजिक तत्वों की लगातार आश्रम के आसपास गतिविधियां रहती हैं। जिसके चलते वे मानसिक परेशानी का सामना कर रही हैं। आसपास के लोग भी डरे सहमे हैं। बार-बार स्थानीय पुलिस को भी शिकायत की जाती है। लेकिन सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने के चलते भूमाफिया एवं असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द कोई कदम नहीं उठाया तो उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। पुलिस प्रशासन से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी व डीजीपी अशोक कुमार से मिलकर उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत कराकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाएंगी। साथ ही अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज एवं महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरी से मिलकर उन्हे पूरे मामले की जानकारी देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *