Uncategorized

सड़कों पर गंदगी, बैनर-पोस्टरों पर स्वच्छता अभियान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
केंद्र और प्रदेश सरकार का पूरा जोर जहां शहरों को स्वच्छ बनाने पर है, वहीं नगर निगम प्रशासन सरकार की मंशा को पलीता लगा रहा है। शहर के प्रमुख चौराहों, गली-मोहल्लों में गंदगी के ढेर लगे हैं। इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। नगर निगम प्रशासन की सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। नगर व वार्ड में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, इसके कारण राहगीरों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। इस संबंध में नगरवासी कई बार नगर निगम प्रशासन से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। स्वच्छ भारत अभियान के बाद जहां लोग सफाई के प्रति जागरूक हुए हैं। वहीं, नगर निगम प्रशासन इस अभियान के बाद भी सो रहा है। निगम क्षेत्र में गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। निगम प्रशासन की इस सुस्त कार्यप्रणाली के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आमपड़ाव निवासी नितिन, महेन्द्र का कहना है नगर क्षेत्र में घूमने वाले आवारा जानवर दिन भर कूड़े के आसपास मंडराते रहते है। स्थिति यह है कि जानवर कूड़े को मुंह में दबाकर लोगों के घरों के पास फैला देते हैं। जिससे मार्ग व घरों के बाहर जगह-जगह गंदगी फैली रहती है। नगर क्षेत्र में मालगोदाम रोड पर दूरसंचार निगम कार्यालय के समीप, आमपड़ाव, पटेल मार्ग, गाड़ीघाट तिराहा, काशीरामपुर तल्ला रोड, पदमपुर तिराहा सहित कई स्थानों पर दिन भर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय लोग कई बार निगम प्रशासन को लिखित में शिकायत भी दर्ज करवा चुके हैं, लेकिन निगम प्रशासन सुध लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि समय से कूड़ा न उठने से दुर्गन्ध आती रहती है, जिस कारण लोगों का सांस लेना दूभर हो जाता है। निगम की लापरवाही का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। निगम प्रशासन को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उधर, नगर निगम के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना कि कर्मचारियों को समय पर कूड़ा उठाने के लिए निर्देशित किया जायेगा। निगम लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयास कर रहा है।

इस कारण हो रही परेशानी

नगर पालिका के कर्मचारी समय से कूड़ा नहीं उठाते है। जिससे कई स्थानों पर दोपहर तक भी कूड़ा नहीं उठ पाता। नतीजा सड़कों के किनारे फैली गंदगी के कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। साथ ही नगर क्षेत्र के कईं लोग गंदगी को कूड़ेदान में डालने के बजाय सड़कों के किनारे फेंक देते हैं। जिससे व्यवस्थाएं बदहाल होती जा रही हैं। नगर निगम के नगर आयुक्त राजेश पीएल शाह का कहना है कि निगम की ओर से व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए आम जनता से भी अपील की जा रही है।

सफाई का जिम्मा नगर निगम पर
करीब डेढ़ लाख की आबादी के लिए सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नगर निगम पर है। शहरों को स्वच्छ बनाने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा हर साल करोड़ों का बजट दिया जाता है, परंतु शहर की सफाई व्यवस्था में जरा भी सुधार नहीं हो पा रहा। नगर निगम में सैकड़ों कर्मचारी तैनात हैं। सुबह से देर रात तक सैकड़ों वाहन दौड़ते हैं। सैकड़ों लीटर डीजल खर्च होता है, उसके बाद भी गली-मोहल्ले तो दूर शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, भीड़ भरे स्थानों पर गंदगी के ढेर नजर आते हैं। दोपहर तक सड़कों से कूड़े के ढेर नहीं उठते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!