संत समाज ने निकाली शोभायात्रा
चमोली। गोवंश सेवा के मुख्य केन्द्र उमा माहेश्वर आश्रम में पीर-बाल योगी भोलानाथ महाराज की प्रथम पुण्य तिथि पर कर्णेश्वर महादेव मंदिर स्थापना दो दिवसीय धार्मिक आयोजन गौ एवं भूमियाल देवता की पूजा के साथ प्रारंभ हुआ। इस मौके पर आश्रम के महंत ऐश्वर्यनाथ महाराज ने कहा गौसेवा को लेकर ब्रहमलीन पीरयोगी बाबा भोलानाथ महाराज ने सपना संजोया था। उसे पूरा करने का प्रयास जारी रहेगा साथ ही संत समाज की सेवा में भक्तों के सहयोग से हर संभव मदद की जाती रहेगी। इस मौके पर आश्रम परिसर में मंगलवार को पंडितों के सानिध्य में विशेष पूजा-अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ और ढोल-नगाड़ों के साथ गुजरात, चंड़ीगढ़, कुरूक्षेत्र, मध्य प्रदेश, हरिद्वार से पहुंचे साधु-सन्यासियों ने शोभायात्रा में भाग लिया। इस दौरान उनके साथ दिल्ली से पहुंचे अनन्य भक्त नथूराम नागर, विनोद नागर, पंडित अमित जोशी, नरेश सेमवाल, धनंजय देवराडी, महेश भट्ट सहित 200 से अधिक साधुओं ने कोरोना संक्रमण के नियमों का पालन करते हुए लाटूगैर आश्रम से राजनगर, गांधीनगर, प्रेमनगर, मुख्य बाजार, पंप परिसर होते हुए पंचपुलिया, उमा देवी तिराहे से पुनº पैदल आश्रम तक 4 किमी की शोभायात्रा में जनता को प्रेरित किया। नगर भ्रमण के दौरान साधुओं ने शंकर भगवान के डमरू, त्रिशूल के साथ भजनों के साथ शिव जयकारों से नगर गुंजायमान किया। इस दौरान भक्तों ने दिनभर अखंड जागरण कीर्तन में भाग लेते हुए गौसेवा में भी योगदान करने का संकल्प लिया। इस मौके पर आश्रम की जिम्मेदारी संभाल रहे ऐश्वर्यनाथ महाराज ने कहा बुधवार को भंडारे के साथ अनुष्ठान का समापन होगा जिसमें क्षेत्रवासियों को गौसेवा में योगदान के साथ प्रसाद ग्रहण के लिए आमंत्रित किया गया है।