सड़क पर पैच भरान जांचने पहुंचे एसडीएम

Spread the love

नैनबाग (टिहरी)। दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-507 पर नैनबाग क्षेत्र में चल रहे पैच भरान कार्य में मानकों की अनदेखी के सवाल उठने के बाद मंगलवार को धनोल्टी के एसडीएम अंशुल भट्ट ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। सड़क के गड्ढों में पैच भरने के बाद दबान के लिए रोलर के बजाय ट्रक के इस्तेमाल को लेकर लोगों ने सवाल उठाए थे। इस मामले में बीते दिन राष्ट्रीय राजमार्ग के जेई एसपी तिवारी ने कार्य की जानकारी नहीं होने की बात कही थी। वहीं, अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने मानकों के विपरीत कार्य मिलने पर उसे रुकवाकर निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा कराने की बात कही थी। मौके पर पहुंचे एसडीएम अंशुल भट्ट ने पैच भरान कार्य की गुणवत्ता, इस्तेमाल की जा रही सामग्री, दबान की प्रक्रिया और तकनीकी मानकों के पालन की जांच की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और पैच भरान का कार्य सीधे आमजन की सुरक्षा और सड़क की गुणवत्ता से जुड़ा है। इसमें किसी भी स्थिति में निर्धारित मानकों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि सड़क पर पैच भरान का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाए। एसडीएम के निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों को सड़क पर चल रहे पैचवर्क भरान कार्य की गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *