उत्तराखंड

कपकोट में बारिश से सरयू उफनाई

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

बागेश्वर। दिनभर उमसभरी गर्मी के बाद बुधवार रात जिले में जमकर बारिश हुई। कपकोट में सबसे अधिक 110 मिमी बारिश हुई। इससे सरयू नदी उफान पर आ गई। नदी के उफनाने से जिला मुख्यालय में भी पानी की सप्लाई बंद हो गई। नगर के लिए बनी योजना में सिल्ट भर गया। लोगों ने हैंडपंप और जलस्रोतों से ढोकर पानी की व्यवस्था की। बारिश के बाद तापमान में भी कमी आई, लेकिन गुरुवार को धूप निकलने के बाद दोबारा उमस बढ़ गई। बुधवार रात नौ बजे से समूचे जिले में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश कपकोट तहसील में 110 मिमी दर्ज की गई। बागेश्वर में पांच व गरुड़ में डेढ़ मिमी बारिश हुई है। कपकोट में बारिश अधिक होने के कारण फरसाली के निकट मोटर मार्ग अवरुद्घ हो गया। लोनिवि ने जेसीबी भेजकर मार्ग खुलवाया। लंबे समय से धधक रहे जंगलों की आग भी बारिश से बुझ गई। गुरुवार सुबह तक बारिश होती रही, लेकिन दस बजे बाद मौसम साफ हो गया। इसके बाद एक बार फिर उमस भरी गर्मी बढ़ने लगी। सरयू के उफनाने से नगर में पानी का संकट गहरा गया। सरयू नदी में बनी पेयजल योजना में सिल्ट भर गया। लोगों ने हैंडपंपों व स्रोतों से पानी ढोकर अपने दैनिक कार्य किए।
खारबगड़ के लोगों ने जागकर बिताई रात
कपकोट। तहसील क्षेत्र में जमकर बारिश होने से खारबगड़ के लोग दहशत में आ गए। गांव के पीटे की पहाड़ी से पत्थर लुढ़ककर आने लगे। मलबे से कई ग्रामीणों का आंगन भर गया। लोग डर के मारे रातभर सो नहीं पाए। सुबह उन्होंने इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी। सूचना के बाद तहसील प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाना शुरू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!