उत्कृष्ट कार्य करने पर शशि प्रभा रावत सहित चार महिलाएं सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा कोटद्वार के तत्वाधान में बैंक परिसर देवी रोड में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गांधीवादी वयोवृद्ध सर्वोदय सेविका श्रीमती शशि प्रभा रावत को गांधी विचारों के प्रवाह, मीनू खान को सर्वधर्म समभाव, श्रीमती मंजू रावत को बोक्सा जनजाति में शिक्षा का विस्तार, डॉ. श्रीमती भावना अग्रवाल को चिकित्सा व महिला उपनिरीक्षक भावना भट्ट को कानून व्यवस्था के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया। सर्वोदय सेविका श्रीमती शशिप्रभा रावत ने कहा कि गांधी के विचार आज सर्वाधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं अपने-अपने क्षेत्र में विशेष योगदान देने लगी हैं, वे किसी से कम नहीं है, उन्हें समाज में व्याप्त बुराईयों व कुरीतियों को समाप्त करने के लिए आगे बढ़ कर कार्य करना होगा। मीनू खान ने कहा कि महिलाओं को भी “सर्व धर्म समभाव” की भावना को आगे बढ़ाना होगा। महिला उपनिरीक्षक भावना भट्ट ने कहा कि सभी को कानून का पालन करना चाहिए और परेशानियों से बचना चाहिए। जनता के सहयोग से ही पुलिस शांति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। एसबीआई कोटद्वार के मुख्य प्रबंधक आरएम भट्ट ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में ऊंचाईयां छू रही हैं, महिला सशक्तिकरण के बिना अच्छे समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शालिनी खरक्वाल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पेंशनर्स एसोसिएशन कोटद्वार के अध्यक्ष सुरेन्द्र लाल आर्य ने सयुंक्त रूप से किया।