पंजाब में स्कूल-कॉलेज 7 सितंबर तक रहेंगे बंद, राज्य आपदा प्रभावित घोषित; 1200 से अधिक गांवों में भरा पानी

Spread the love

चंडीगढ़ ,। लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पंजाब सरकार ने पूरे राज्य को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है। मुख्य सचिव केएपी सिन्हा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने के निर्देश दिए हैं। राज्य में सभी स्कूल और कॉलेज 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। पहले ये अवकाश 3 सितंबर तक घोषित किया गया था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और 1200 से अधिक गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। घग्गर नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार को सामान्य बहाव के बाद बुधवार सुबह 9 बजे तक नदी का स्तर 7 फीट तक पहुंच गया, जो कि खतरे के निशान से मात्र 1 फीट नीचे है।
मोहाली जिला प्रशासन ने घग्गर नदी और सुखना झील के किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने चेतावनी दी है कि नंगल क्षेत्र में लगातार वर्षा के कारण खड्डों और सतलुज के किनारे बने बांधों की स्थिति कमजोर हो चुकी है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
इसी बीच, जालंधर के बस्ती शेख क्षेत्र में आज सुबह एक कच्चा मकान गिर गया। हादसे के समय घर का मालिक दूध लेने बाहर गया हुआ था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राज्य सरकार और प्रशासन ने राहत व बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *