कोतवाली के बाहर से स्कूटी चोरी, 15 दिन बाद भी नहीं चढ़ा हत्थे

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगता है शहर में चोरों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। तभी तो 15 दिन पूर्व चोर ने कोतवाली के गेट के समीप से ही एक स्कूटी पर हाथ साफ कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद होने के बाद भी पुलिस अब तक चोर को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। ऐसे में शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे है। जबकि, शहरवासी भी लगातार कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग उठाते रहते हैं।
दो नवंबर को बदरीनाथ मार्ग पर ऋचा कुकरेती कोतवाली के समीप स्थित जन औषधि केंद्र में दवा खरीदने के लिए गई हुई थी। करीब दस मिनट के बाद जब वह बाहर निकली तो दुकान के बाहर खड़ी उनकी स्कूटी गायब थी। इधर-उधर पूछने पर भी स्कूटी का कुछ पता नहीं चल पाया, जिसके बाद ऋचा ने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में कोतवाली के गेट के समीप से एक युवक रोड पार कर स्कूटी के नजदीक पहुंचता है। काफी देर तक युवक स्कूटी के समीप खड़ा रहता है। इसके बाद वह सड़क पर चक्कर काटता है और पास की दुकानों व सड़क पर खड़े लोगों के जाने के बाद वह स्कूटी पर चाबी लगाकर उसे झंडाचौक की ओर लेकर चला जाता है। क्षेत्र में इससे पूर्व में कई बार स्कूटी चोरी की घटनाएं सामने आई थी। कुछ माह पूर्व ही पुलिस ने पांच से अधिक स्कूटी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया था। ऐसे में एक बार फिर चोरी की घटना होने से लोगों में भी खौफ बना हुआ है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है। जल्द ही बदमाश को स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *