कोटद्वार-पौड़ीबिग ब्रेकिंग

शहर में खुलेआम जल रहा कूड़ा, मेयर, अधिकारी बेखबर 

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र में जगह-जगह खुलेआम कूड़ा जलाया जा रहा है। इससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है। नेशनल हाईवे के किनारे सहित अन्य स्थानों पर खुलेआम जलाया जा रहा कूड़ा लोगों के लिए जानलेवा बन रहा है लेकिन नगर निगम के अधिकारी बेखबर बने हुए हैं। एनजीटी के स्पष्ट आदेश के बावजूद कूड़ा जलाने वालों को रोका नहीं जा रहा है।
नगर निगम बनने के बाद लोगों में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन जनता को सुविधाओं के बजाय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में कूड़े की समस्या गंभीर होती जा रही है। निगम बनने से पूर्व जहां ग्रामीण क्षेत्र में कूड़े की समस्या नहीं रहती थी, वहीं अब ग्रामीण क्षेत्र में मुख्य चौराहों पर कूड़ा फैला रहता है। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था न होने कूड़े पर आग लगा दी जा रही है, लेकिन नगर निगम अभी तक कूड़े में आग लगाने वालों का पता नहीं लगा पाया है। गुरूवार को कुम्भीचौड़ चौराहे पर खुले में कूड़ा जल रहा था, वहीं नजीबाबाद रोड़ पर इलाहबाद बैंक के पास एनएच किनारे खुले में कूड़ा जल रहा था। खुलेआम एनजीटी के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। निगम क्षेत्र में सड़क किनारे जगह-जगह खुले में कूड़ा जलाया जा रहा है। यही नहीं इन सब के बारे में निगम अधिकारी से लेकर मेयर तक बेखबर है। ऐसे में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है। कुम्भीचौड़ चौराहे के आसपास व नजीबाबाद रोड़ स्थित इलाहबाद बैंक के आसपास रहने वाले लोग इन दिनों हर रोज जल रहे कूड़े से बेहद परेशान है। यहां सड़क निनारे हर रोज कूड़ा खुलेआम जलाया जा रहा है। जहां कूड़ा जल रहा है उसके आस-पास ही लोगों के मकान हैं। कूड़ा जलने से फैलने वाला धुंआ लोगों के घरों में पहुंचकर उनका जीना मुहाल कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां जल रहे कूड़े में पॉलीथिन और प्लास्टिक व बिजली की केबल भी होती हैं। निगम के अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। नगर निगम के अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं जबकि खुले में कूड़ा जलाने पर एनजीटी की ओर से रोक लगाई गई है। गुरूवार को जल रहे कूड़े से निकले धुंए की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर निगम कोटद्वार मेयर श्रीमती हेमलता नेगी का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। अधिकारियों को आग बुझाने के लिए निर्देशित किया जाएगा। मेयर का कहना है कि नगर निगम स्वच्छता को लेकर गंभीर है। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास किये जा रहे है। टेंचिंग ग्राउण्ड में कूड़ा निस्तारण के लिए बायो रेमिडिएशन मशीन लगाई गई है। वहीं नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि कूड़े पर आग लगने का मामला संज्ञान में नहीं है। कर्मचारियों को आग बुझाने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।
ट्रेंचिंग ग्राउंड से उठते धुएं से लोग परेशान
शशिधर भट्ट राजकीय स्पोट्र्स स्टेडियम के किनारे स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के बाहर कूड़े के ढेर में लगी आग से उठते धुंए ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लोगों का न सिर्फ सांस लेना दूभर हो गया है बल्कि वहां से उठती दुर्गन्ध के कारण रहना भी मुश्किल हो गया है। ट्रंचिंग ग्राउंड के बाहर कूड़़े में आग लगने के कारण आसपास के क्षेत्र में धुंआ फैला हुआ है। जिसके चलते स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार तंत्र सुध लेने को तैयार नहीं है। स्थानीय निवासी संतोष, संजय ने बताया कि गत बुधवार रात से ट्रंचिंग ग्राउंड के बाहर कूड़ा जल रहा है, लेकिन नगर निगम आग बुझाने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। ट्रंचिंग ग्राउंड के धुएं से लोग बीमारी का शिकार होने लगे है। अगर जल्द ही आग को नहीं बुझाया गया तो स्थिति गंभीर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कूड़े के ढेर में पॉलीथिन सहित अन्य सामान धूं-धूं कर जल रहा है। कूड़ा आसपास के लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!