दुर्ग में सनसनीखेज डबल मर्डर: घर में घुसकर महिला ने मां-बेटे की हत्या, दो बेटियां घायल

Spread the love

दुर्ग , छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक भयावह वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। हमले में दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
मृतका की पहचान रीना यादव के रूप में हुई है, जबकि मृत बालक का नाम आदित्य यादव बताया जा रहा है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घायल बेटियों का उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, रीना यादव के पति ललितेश यादव एसटीएफ में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। वे हाल ही में छुट्टी पर दुर्ग आए थे। घटना के समय वे रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन के लिए घर से बाहर गए हुए थे, तभी आरोपी महिला ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जांच में आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) पर संदेह जताया जा रहा है, जो एक दिन पहले भी घर आई थी, लेकिन उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। पुलिस को आशंका है कि अवैध संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।
घटना के दौरान मां ने बेटियों को बचाने के लिए आरोपी का पैर पकड़ लिया, जिससे एक बेटी तानिया (11) घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना दे सकी, जबकि दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिप गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
भिलाई सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *