‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर छात्राओं ने रंगोली बनाकर दिया विकसित भारत का संदेश

Spread the love

रंगोली में मालती, अक्षिता, सलोनी रही अव्वल, बैडमिंटन में किरन, आयुष बनें विजेता
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल में मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान-मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत @2047’ कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके साथ ही फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।


रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को रंगों के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। छात्राओं ने स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, जल जीवन मिशन तथा लखपति दीदी योजना जैसी प्रमुख योजनाओं पर आधारित रंगोलियां बनाकर सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। प्रतियोगिता में मालती, अक्षिता एवं सलोनी ने प्रथम, अनामिका, सलोनी नेगी, ऋतिका एवं मीनाक्षी ने द्वितीय, साक्षी, सोनाली एवं प्रिंसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता महिला वर्ग में किरन नेगी, पुरुष वर्ग में आयुष नेगी विजेता रहे। वहीं, टेबल टेनिस प्रतियोगिता में कुमकुम विजेता रही। बालकों की 100 मी0 दौड़ में पवन कुमार प्रथम, आयुष नेगी द्वितीय एवं आयुष कुमार तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. एल. आर. राजवंशी ने कहा कि विकसित भारत @2047 का संकल्प तभी साकार होगा, जब युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएगी। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मकता और राष्ट्रीय चेतना का विकास करती हैं। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए करना चाहिए। इस मौके पर रंगोली प्रतियोगिता संयोजक डॉ. अर्चना नौटियाल, क्रीड़ा प्रभारी अजय रावत आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *