श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम क्षेत्र के न्यू कमलेश्वर मोहल्ले में क्षतिग्रस्त सीवर चैंबर से निकल रही गंदगी पिछले दो सप्ताह से सीधे अलकनंदा नदी में बह रही है। इससे मोहल्ले में दुर्गंध फैल रही है। पास में ही गंगा आरती होने के कारण श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी शिवदत्त नैथानी, गणेश पुरी, दलबीर सिंह और प्रिंस गिरी ने बताया कि चैंबर टूटने के बाद से सीवर की गंदगी लगातार नदी में जा रही है, लेकिन मरम्मत नहीं की गई। एक ओर अलकनंदा की आरती कर स्वच्छता का संदेश दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर सीवर की गंदगी नदी में बह रही है। प्रिंस गिरी ने बताया कि गंगा आरती स्थल कुछ ही दूरी पर है। आरती के समय भी आसपास दुर्गंध फैलने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को दिक्कत हो रही है। जल संस्थान की कनिष्ठ अभियंता रश्मि शाह ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण चैंबर तक पहुंचने में परेशानी आ रही है। चैंबर तक जाने का रास्ता नदी की ओर से है। जलस्तर कम होते ही मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा। (एजेंसी)