देहरादून, आगामी शीतकाल और संभावित शीतलहर एवं बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शीतकालीन व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और राहत व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर निकायों एवं तहसील क्षेत्रों में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों और अन्य आवश्यक स्थानों पर अलाव जलाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए वन विभाग, जिला लॉगिंग अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने निर्धन, असहाय, निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए समय से कंबल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर पर्याप्त संख्या में कंबलों की उपलब्धता रखी जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल सके।
दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न पहले पहुंचाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के दुर्गम एवं पर्वतीय क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से पहुंचा दिया जाए। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन और अन्य जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त अग्रिम भंडारण किया जाए, जिससे प्रतिकूल मौसम में स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।डीएम ने जनपद के सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक क्षेत्र में रैन बसेरों के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण करने को कहा गया, ताकि जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
बर्फबारी वाले क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का होगा चिन्हीकरण
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि बर्फबारी की आशंका वाले दुर्गम क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का समय रहते चिन्हीकरण किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें नजदीकी चिकित्सालय के समीप सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, एंबुलेंस और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
बर्फबारी में सड़कें खोलने के लिए तैयार रहेंगी मशीनें
पर्वतीय एवं संवेदनशील मार्गों पर आवागमन सुचारू रखने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को जेसीबी, स्नो कटर और स्नो ब्लोअर सहित आवश्यक उपकरण तैयार रखने को कहा गया। इसके अलावा नमक एवं चूना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने, संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने और मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं मशीन ऑपरेटरों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत और पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता
जिलाधिकारी ने जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब मौसम, अत्यधिक ठंड और मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में पर्यटकों को समय से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं। ऐसे ट्रैकिंग मार्गों को भी चिह्नित किया जाए, जहां खराब मौसम के दौरान पर्यटकों के फंसने की आशंका रहती है। इस संबंध में जिला पर्यटन विकास अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पशुओं के लिए चारा और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था
शीतलहर एवं पाले से पशुओं की सुरक्षा के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशु चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयों और उपचार सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय और चारा बैंकों में पर्याप्त चारे की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, मानव-पशु संघर्ष की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग को भी आवश्यक तैयारियां करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीतकालीन तैयारियों को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं को धरातल पर लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि शीतलहर, बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के दौरान जनपदवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित नगर निगम, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, एनएच, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी, वन विभाग, विद्युत एवं पेयजल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। उप जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।